रायपुर पुलिस ने अहमदाबाद से दबोचा ‘धोखेबाज’ प्रेमी, शादी का झांसा देकर किया था दुष्कर्म
फेसबुकिया प्यार का खौफनाक अंत, आरोपी आशीष मसीह अब जेल की सलाखों के पीछे

रायपुर। राजधानी की न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले एक शातिर आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी घटना के बाद से ही लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिसे साइबर सेल की मदद से ट्रैक किया गया।
फेसबुक से शुरू हुई थी कहानी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी आशीष मसीह (25 वर्ष) की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती और फिर प्रेम प्रसंग में बदल गई। आरोपी ने पीड़िता को शादी का भरोसा दिलाया और उसके किराये के मकान में आकर मार्च से मई 2025 के बीच शारीरिक संबंध स्थापित किए। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और फरार हो गया।
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना न्यू राजेन्द्र नगर में धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। डीसीपी (वेस्ट जोन) के निर्देशन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। साइबर सेल के तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि आरोपी सागर (मध्यप्रदेश) का निवासी होने के बावजूद अहमदाबाद, गुजरात में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने तत्काल अहमदाबाद पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी को रायपुर लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बुधवार को उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



