रायपुर पहुंचे SGPC प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी, अल्पसंख्यक आयोग ने किया नागरिक अभिनंदन
राष्ट्रीय खिलाड़ियों और राष्ट्रपति पुरस्कार विजेताओं का सम्मान,सामाजिक समरसता बढ़ाने पर ज़ोर।

रायपुर । सिक्ख समाज की सर्वोच्च संस्था, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान राज्य अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय में एक गरिमामय स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने एडवोकेट धामी, धर्म प्रचार कमेटी (अमृतसर) के बलविंदर सिंह कालरा और ओएसडी सतबीर सिंह का आत्मीय स्वागत किया।
अतिथियों को सम्मान स्वरूप हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) की सुंदर प्रतिकृति भेंट की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सिख फोरम के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, जी. एस. भामरा और जगजीत सिंह खनूजा सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अल्पसंख्यक कल्याण पर चर्चा
बैठक के दौरान आयोग अध्यक्ष छाबड़ा ने छत्तीसगढ़ में सिख समाज की गतिविधियों और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने हाल ही में प्रदेश भर में आयोजित ‘वीर बाल दिवस’ कार्यक्रमों और राजधानी में निकली भव्य ‘वीर बाल रैली’ की सफलता की जानकारी साझा की।
कौशल विकास और भविष्य की योजनाएं
चर्चा का एक मुख्य बिंदु “हुनर का लंगर” अभियान रहा। युवाओं के कौशल विकास और प्रशिक्षण के लिए चलाए जा रहे इस कार्यक्रम को आगामी दिनों में और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने हेतु सकारात्मक सहमति बनी।
इस ऐतिहासिक अवसर को और भी यादगार बनाते हुए खेल और शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली विभूतियों का अभिनंदन किया गया। राष्ट्रीय स्तर के पारंपरिक खेल ‘गतका’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार खिलाड़ी राजवीर सिंह एवं उनके प्रतिभावान साथियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मनतृप्त कौर संधू का भी विशेष अभिनंदन किया गया। यह सम्मान न केवल इन युवाओं की मेहनत का प्रतिफल है, बल्कि समाज की भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम भी बना।
आयोग अध्यक्ष छाबड़ा ने अंत में कहा कि राज्य अल्पसंख्यक आयोग समुदाय के विशिष्ट जनों का इसी प्रकार सम्मान करता रहेगा, ताकि समाज में सद्भावना और उन्नति के प्रति उत्साह बना रहे।



