लोकप्रिय विधायक सम्पत अग्रवाल को बदनाम करने की नीच कोशिश, आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेरे थाने

विधायक सम्पत अग्रवाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो वायरल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने दर्ज कराई FIR





बसना । राजनीति में वैचारिक मतभेद स्वीकार्य हैं, लेकिन जब विरोध नीचता और व्यक्तिगत चरित्र हनन पर उतर आए, तो वह अक्षम्य हो जाता है। बसना विधानसभा के जनप्रिय विधायक माननीय सम्पत अग्रवाल की स्वच्छ छवि को धूमिल करने और क्षेत्र की शांति भंग करने के लिए रचे गए एक ‘फेक न्यूज’ के गंदे खेल ने पूरे क्षेत्र में उबाल ला दिया है। एक फर्जी और भ्रामक वीडियो के जरिए समाज में जहर घोलने की इस घिनौनी साजिश के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि आरोपी महंत हरीश चंद्र दास ने सोशल मीडिया पर एक सफेद झूठ और मनगढ़ंत वीडियो प्रसारित किया है। इस वीडियो में निहायत ही शर्मनाक दावा किया गया कि 2 फरवरी 2026 को विधायक सम्पत अग्रवाल ने कलेक्टर के साथ ग्राम पिरदा का दौरा किया और वहां ‘कबीर कुटी’ की पवित्र भूमि को बेचने या उसकी संपत्ति का बंदरबांट करने की योजना बनाई।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि जिस दिन की घटना का दावा आरोपी द्वारा किया जा रहा है, उस दिन विधायक डॉ सम्पत अग्रवाल कलेक्टर के साथ ग्राम पिरदा में मौजूद ही नहीं थे। यह स्पष्ट करता है कि आरोपी महंत द्वारा फैलाया गया वीडियो न केवल असत्य है, बल्कि पूरी तरह से आधारहीन और मनगढ़ंत है।सच्चाई तो यह है कि कबीर कुटी की भूमि या उसकी संपत्ति के विषय में विधायक जी द्वारा कभी कोई बयान नहीं दिया गया और न ही ऐसी किसी कथित योजना से उनका दूर-दूर तक कोई सरोकार है। दरअसल, यह पूरी पटकथा विधायक सम्पत अग्रवाल की बढ़ती जन-लोकप्रियता और उनके निष्कलंक राजनैतिक सफर से ईर्ष्या करने वाले विद्वेषी तत्वों द्वारा रची गई एक सुनियोजित और गहरी साजिश है, जिसका एकमात्र लक्ष्य जनता के बीच भ्रम फैलाना और एक जनसेवक की छवि को खंडित करना है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी शिकायतों में स्पष्ट रूप से कहा है कि आरोपी महंत हरीश चंद्र दास का उद्देश्य केवल अफवाह फैलाना नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों, जातियों और समुदायों के बीच शत्रुता और नफरत की आग लगाना है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आरोपी खुद ‘तरेकेला’ की बेशकीमती भूमि के संबंध में अनुचित लाभ प्राप्त करने की फिराक में है और अपनी इस काली करतूत को छिपाने के लिए विधायक पर कीचड़ उछाल रहा है।

इस कुत्सित प्रयास से आहत और आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे विधायक की प्रतिष्ठा के साथ-साथ पूरे संगठन का अपमान माना है। पिथौरा, सांकरा, बसना और भंवरपुर पुलिस थानों में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। साक्ष्य के तौर पर पुलिस को वीडियो वाले पेन ड्राइव सौंपे गए हैं।

आक्रोशित कार्यकर्ताओ ने कहा कि हम अपने नेता का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। झूठ के पांव नहीं होते और समाज को बांटने वाली इस ओछी राजनीति का जवाब कानून के जरिए दिया जाएगा।

पुलिस ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी नहीं हुई और कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन चुप नहीं बैठेगा।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू, भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी,मंडल अध्यक्ष हलधर साव, महामंत्री मनोज बारीक, महामंत्री झाड़ूराम परमार, विधायक प्रतिनिधि सोनू छाबड़ा, किसान मोर्चा अध्यक्ष गोविंद साहू ,सरपंच लारीपुर हेमंत ठाकुर, सरपंच सांनटेमरी (सांकरा थाना ) सतीश कुमार ध्रुव( पिथौरा थाना), पिरदा मण्डल अध्यक्ष अभिमन्यु प्रधान (बसना थाना), धर्मेंद्र पटेल (पुलिस चौकी भंवरपुर) पहुंच कर शिकायत दर्ज करवाया।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button