‘ऑल पैनल एक्सचेंज’ के जरिए चल रहा था क्रिकेट सट्टा, पुलिस ने दो सटोरियों को दबोचा
छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कड़ी कार्रवाई, आईडी लेकर खेलने वाले भी रडार पर।

रायपुर । रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने लालपुर ओवरब्रिज के नीचे सट्टा संचालित कर रहे दो युवकों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के पास कुछ लोग मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टे का खेल चला रहे हैं। पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी की।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल धामेचा (28 वर्ष) और सौरभ पिंजवानी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी देवपुरी, टिकरापारा के निवासी हैं। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ‘All panel exchange’ नामक वेबसाइट के माध्यम से आईडी बनाकर क्रिकेट मैच पर दांव लगवा रहे थे। उनके मोबाइल फोन की जांच में सट्टे से संबंधित कई महत्वपूर्ण ट्रांजेक्शन और रिकॉर्ड मिले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा संचालन में उपयोग किए जा रहे दो महंगे मोबाइल फोन और 10,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 1.70 लाख रुपये आंकी गई है।
थाना न्यू राजेंद्र नगर में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 62/26, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान उन ग्राहकों की जानकारी भी मिली है जो इन आरोपियों से आईडी लेकर सट्टा खेलते थे। पुलिस जल्द ही इन सट्टा खेलने वालों के खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी में है।



