पुलिस और जनता के बीच सेतु बनेंगे ‘पुलिस मितान’,धरसींवा पुलिस ने मितानों को दी सुरक्षा की जिम्मेदारी
अपराधों पर लगाम लगाने पुलिस और मितान साझा करेंगे सूचनाएं, एसएसपी के निर्देश पर आयोजन।

रायपुर । रायपुर पुलिस (ग्रामीण) द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के मार्गदर्शन में थाना धरसींवा परिसर में ‘पुलिस मितान सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करने और अपराध मुक्त समाज की संरचना पर जोर दिया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला ने कहा कि पुलिस मितान विभाग और जनता के बीच की वह सबसे मजबूत कड़ी हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी मितानों को उनके कर्तव्यों और उत्तरदायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाना और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करना मितानों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान केवल चर्चा ही नहीं हुई, बल्कि सुरक्षा का संदेश व्यावहारिक रूप से भी दिया गया। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से उपस्थित सभी पुलिस मितानों को हेलमेट और टी-शर्ट का वितरण किया गया। एएसपी शुक्ला ने जोर देकर कहा कि मितान खुद भी यातायात नियमों का पालन करें और समाज के लिए एक आदर्श बनें।
इस गरिमामय कार्यक्रम में थाना प्रभारी धरसींवा निरीक्षक राजेंद्र दीवान, पुलिस चौकी प्रभारी सिलतरा उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह कंवर सहित क्षेत्र के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सम्मेलन के अंत में उपस्थित सभी मितानों ने एक स्वर में पुलिस प्रशासन को अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला ने कहा कि पुलिस मितान हमारे आंख और कान हैं। उनके सक्रिय सहयोग से समाज में न केवल शांति स्थापित होगी, बल्कि अपराधियों के मन में भय और आम नागरिकों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ेगा।



