नरेंद्र किराना स्टोर्स में हुई चोरी का खुलासा,शटर काटकर चोरी करने वाले ‘विधि के साथ संघर्षरत बालक’ को किया गिरफ्तार
ताला तोड़कर पार किए थे गल्ले से पैसे और सिगरेट, पुलिस टीम ने फुटेज से सुलझाई गुत्थी।

रायपुर । राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर में एक किराना दुकान का ताला तोड़कर नकदी और सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में ‘विधि के साथ संघर्षरत’ एक बालक को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से चोरी की गई राशि बरामद कर ली है।
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी प्रार्थी नरेंद्र पटेल ने थाना पुरानी बस्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी डबरीपारा, कुशालपुर में ‘नरेंद्र किराना स्टोर्स’ के नाम से दुकान है। 2 अप्रैल की रात वे दुकान बंद कर घर चले गए थे, लेकिन अगली सुबह जब वे वापस आए तो देखा कि दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जांच करने पर गल्ले में रखी नकदी राशि सहित गुटखा और सिगरेट के पैकेट गायब थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 145/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री संदीप पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारी को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुरानी बस्ती पुलिस की टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिससे पुलिस को घटना में संलिप्त एक नाबालिग के बारे में पुख्ता जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने संदेही बालक को पकड़कर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 30,000/- रुपये नगद और शटर काटने में इस्तेमाल किया गया आरी ब्लेड जप्त किया है। आरोपी बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है।



