माँ दंतेश्वरी के दरबार में उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने की पूजा, क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि हेतु की कामना
दंतेवाड़ा की देवी के दिव्य आलोक में विधायक मिश्रा ने किया लोकमंगल का संकल्प

दंतेवाड़ा। उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने प्रवास के दौरान दंतेवाड़ा स्थित दिव्य शक्तिपीठ माँ दंतेश्वरी मंदिर में सह धर्मपत्नी के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने माँ के पावन चरणों में शीश नवाकर समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।
माना जाता है कि माँ दंतेश्वरी देवी बस्तर अंचल की कुलदेवी हैं और उनका मंदिर 52 शक्तिपीठों में विशेष स्थान रखता है। यह स्थल न केवल आध्यात्मिक शक्ति का स्रोत है, बल्कि बस्तर की सांस्कृतिक अस्मिता का प्रतीक भी है। मंदिर परिसर में गूंजती घंटियों और श्रद्धालु स्वरूपों की उपस्थिति में विधायक ने गहन धार्मिक अनुभूति प्राप्त की।
माँ के दर्शनोपरांत विधायक मिश्रा ने कहा , माँ दंतेश्वरी के पावन दर्शनों से मन को आत्मिक शांति और नूतन ऊर्जा की प्राप्ति हुई। मैं माँ से प्रार्थना करता हूँ कि वे समस्त प्रदेशवासियों पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखें और हमारे अंचल में सदैव मंगल का वास रहे।
इस धार्मिक अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटानी भी मंदिर में उपस्थित रहे। विधायक मिश्रा के सहपाठी और मित्र अशोक दुबे ने भी माँ के चरणों में श्रद्धा अर्पित की, जिससे यह आयोजन न केवल व्यक्तिगत आस्था का, बल्कि सामाजिक समरसता का संदेश भी बन गया।