विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय पर गुणवत्ता के साथ पूरे करें प्रोजेक्ट: भावना बोहरा
जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर जानी वार्डों की जमीनी हकीकत, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश।

पंडरिया/पांडातराई । पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनता को मूलभूत सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक भावना बोहरा ने जनपद पंचायत पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई में समीक्षा बैठक की। बैठक में विधायक ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं और शासकीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे होने चाहिए।
जमीनी स्तर पर विकास का फीडबैक बैठक के दौरान विधायक भावना बोहरा ने नगर और जनपद पंचायत के सभी वार्ड पार्षदों एवं जनपद सदस्यों से व्यक्तिगत चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रवार मूलभूत आवश्यकताओं, जैसे पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए और विकास कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए।
पंडरिया को आदर्श नगर बनाने का संकल्प विधायक बोहरा ने कहा कि “डबल इंजन” सरकार के सुशासन में पंडरिया विधानसभा को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि पंडरिया में 250 सीटर नालंदा परिसर और बिसेसरा से पंडरिया तक 4-लेन सड़क का निर्माण प्रक्रियाधीन है। विधायक ने कहा कि बकेला के पास हाफ नदी बैराज परियोजना और सुतियापाट नहर विस्तारीकरण से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। हरिनाला पुल, अटल परिसर और पंडरिया-पांडातराई बाईपास का कार्य प्रगति पर है। पांडातराई को उप-तहसील का दर्जा मिलने और विद्युत विभाग के नए उप-संभाग बनने से 48 गांवों के उपभोक्ताओं को अब लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
कांग्रेस शासन पर साधा निशाना विधायक ने पूर्ववर्ती सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में कई महत्वपूर्ण कार्य ठप पड़े थे, जिन्हें अब भाजपा सरकार ने गति दी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर में पार्किंग व्यवस्था, तालाबों के सौंदर्यीकरण और सुचारू विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभापतियों से भी अपने विभागों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी, जनपद पंचायत पंडरिया अध्यक्ष नंदिनी साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष मनोज ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष छत्रकिशोर तिवारी सहित सभी वार्ड पार्षद, जनपद सदस्य, तहसीलदार और लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



