भैसमुड़ा मड़ई मेले में शामिल हुए विधायक अनुज शर्मा,बोले-मड़ई मेला हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की जीवंत पहचान है
विधायक अनुज शर्मा ने छत्तीसगढ़ी परंपराओं के संरक्षण और ग्रामीण एकजुटता पर दिया जोर

धरसींवा/भैसमुड़ा। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ग्राम भैसमुड़ा में आयोजित वार्षिक मड़ई मेला एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। गाँव पहुँचने पर मेला समिति और ग्रामीणों ने आतिशबाजी और गाजे-बाजे के साथ विधायक का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मड़ई और मेले केवल मनोरंजन के साधन नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली छत्तीसगढ़ी संस्कृति की आत्मा हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि मड़ई मेला हमारी पहचान है और यह आपसी भाईचारे व मेल-मिलाप का सबसे बड़ा माध्यम है। ऐसे आयोजनों से हमारी परंपराएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत रहती हैं।
सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश स्तरीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। स्वयं कला जगत से गहरा जुड़ाव रखने वाले अनुज शर्मा ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य की माटी की कला और स्थानीय कलाकारों को उचित मंच प्रदान करना उनकी सदैव प्राथमिकता रहेगी।
विधायक ने मेले के आर्थिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय छोटे व्यापारियों और स्व-सहायता समूहों को संबल मिलता है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होती है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भेंट कर गांव की समस्याओं को सुना और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा के साथ टिकेश्वर मनहरे, शीतल चित्रेश वर्मा, यशवंत वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, मेला समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।



