Monday, June 2, 2025
HomeBig Breakingतिरंगा यात्रा : रामचरित मानस का जिक्र करते हुए सीएम साय ने...

तिरंगा यात्रा : रामचरित मानस का जिक्र करते हुए सीएम साय ने कहा-जिन्ह मोहिं मारा ते मैं मारे

Advertisements


रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि आतंकवाद के विरुद्ध छेड़े गए निर्णायक संघर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेनाओं ने अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन किया है। सीएम साय ने कहा कि जिस तरह से शत्रु के सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को हमारी सेना ने चोट पहुंचाई, जिस तरह से आतंकवादियों के ठिकानों पर चुन-चुनकर सेना द्वारा प्रहार किया गया, उस अद्भुत पराक्रम से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। श्री साय बुधवार को सर्वसमाज मंच के तत्वावधान में आयोजित तिरंगा यात्रा को सम्बोधित कर रहे थे।

Advertisements

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस निर्णायक लड़ाई में भारत की कूटनीति का लोहा भी दुनिया ने माना है। पहलगाम घटना के बाद पूरी दुनिया ने पाकिस्तान के कुकृत्य की निंदा की और भारत का साथ दिया। हमारी शानदार कूटनीति के चलते पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ गया। हमारे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दुनियाभर के राजनीतिज्ञों से चर्चा की। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जिस तरह से आक्रमण की रणनीति बनाई, उससे शत्रु हक्का बक्का रह गया। इससे पाकिस्तान की सैन्य और कूटनीतिक रणनीति की पोल भी दुनिया के सामने खुल गई और इससे उनके मिलिट्री पावर के झूठे दावों की पोल भी खुल गई। सीएम साय ने कहा कि पहलगाम हादसे के बाद से लगातार भारत ने जिस तरह से शत्रु देश पर दबाव डाला, उससे भारत की रणनीतिक कुशलता का परिचय मिलता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत का रिस्पांस हमेशा एक जिम्मेदार राष्ट्र की तरह रहा। हमने सिविलियन ठिकानों पर हमले नहीं किये, जबकि पूरी दुनिया ने देखा कि किस तरह पाकिस्तान ने अपने ड्रोन भारत में भेजे। भारत की प्रतिरक्षा प्रणाली सुदर्शन चक्र ने इन सबको नष्ट कर दिया। भारत की प्रतिक्रिया भी संतुलित रही। एक जिम्मेदार राष्ट्र जिस तरह से नपी-तुली भाषा में बात करता है, उसी भाषा में हमने प्रेसवार्ताओं के माध्यम से अपनी बात रखी, इसके साथ ही हमने पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा मशीन का झूठ भी दुनिया के सामने बेनकाब कर दिया। श्री साय ने कहा कि हमारे रणनीतिक रिस्पांस के बारे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बहुत अच्छी बात कही। उन्होंने हनुमान जी का उदाहरण दिया जिसके बारे में रामचरितमानस ने लिखा गया है कि जिन्ह मोहिं मारा ते मैं मारे, अर्थात हनुमान जी कहते हैं कि मैंने उन्हीं को मारा, जिन्होंने मुझ पर हमला किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत का कद एक जिम्मेदार राष्ट्र के रूप में बढ़ा है। पाकिस्तान पूरी तरह से एक्सपोज हुआ है। यह लड़ाई भारत के युद्ध कौशल का भी यह बड़ा उदाहरण है। इस लड़ाई ने साबित कर दिया कि तकनीक के मामले में भारत बहुत अग्रणी है। साय ने कहा कि जहां पाकिस्तान में राजनीतिक दलों में मतभेद रहे, भारत में पूरी तरह से एकजुटता दिखी। सर्वदलीय बैठक बुलाई गई और सबसे विचार-विमर्श किया गया। इस सफलता के पीछे देश की जनता का बड़ा योगदान है। सभी देशवासियों ने सरकार और सेना की भरपूर हौसलाअफजाई की। पूरे घटनाक्रम ने साबित किया है कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में बढ़ रहा है और अब कोई ताकत इसे नहीं रोक सकती।

पाकिस्तान ने अपने कर्मों का फल भोगा:किरण देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा सभी देशों ने माना है कि निर्णय लेने की क्षमता किस प्रकार होती है भारत से सीखना चाहिए। पहलगाम में जिस तरीके से पाकिस्तान से आकर कुछ आतंकवादियों ने एक बहुत ही कायराना हरकत की, हमारे देश की विभिन्न प्रांतो से पहुंचे निर्दोष पर्यटकों को धर्म पूछकर मारा, उसका परिणाम पाकिस्तान को भोगना पड़ा। प्रधानमंत्री ने एक साहसिक निर्णय लिया। रक्षा मंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और विदेश मंत्री ने मिलकर यह निर्णय लिया कि अब समय आ गया है कि आतंकवादी संगठनों पर और इनको ठिकानों पर घुसकर प्रहार किया जाए। हमारी 26 बहनों के साथ माथे का सिंदूर पोंछने का दुस्साहस आतंकवादियों ने किया था। पाकिस्तान के अंदर घुसकर उन आतंकवादी ठिकानों को तबाह करने का काम किया है। इसके लिए हम सब देश की तीनों सेनाओं का बहुत-बहुत अभिनंदन करतेह हैं। श्री देव ने कहा कि जिस तरीके से हमारे देश ने पहले कितनी आतंकवादी घटनाओं को ऐसे ही सह लिया था लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन कि उन्होंने यह निर्णय लिया। यह नया भारत है, अब इस तरीके की घटनाओं को नहीं सहने वाला और उसके बाद सेना को फ्री हैंड दे दिया गया। तीनों सेनाओं ने अपने साहस व शौर्य का परिचय दिया और रातो-रात नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। पूरी दुनिया ने इस बात को देखा है पाकिस्तान से ड्रोन भेजा गया, एक को भी देश में फूटने नहीं दिया गया। हमारे देश की सेना ने पूरी दुनिया को दिखा दिया कि हमारे देश की तरफ कोई भी आँख उठाकर देखेगा तो ऐसे ही सबको बहुत मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

पाकिस्तान हाथ उठाएगा तो वो हाथ काट दिए जाएंगे:बृजमोहन अग्रवाल

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से पाकिस्तान को यह संदेश है अगर तुम हाथ उठाओगे तो तुम्हारे हाथ काटने की ताकत हममें है, अगर तुम गोली चलाओगे तो हम गोला दागेंगे और तुमको समाप्त कर देंगे। ऐसी सेना को यह छत्तीसगढ़ संदेश देना चाहता है। छत्तीसगढ़ का एक मिरानिया परिवार का एक नौजवान को भी जान से हाथ धोना पड़ा। तिरंगे की आन बान शान के लिए छत्तीसगढ़ भी देश की सेना के साथ है। छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। हम सब प्रधानमंत्री मोदी को कहना चाहते हैं कि अगर पाकिस्तान मारकाट करेगा तो पाकिस्तान का नाम इस धरती से समाप्त हो जाना चाहिए। हम सब आपके साथ है। हम देश की सेना को उसके साहस और उत्साह के लिए बधाई देते हैं, उनका मनोबल बढ़ाते हैं।

भव्य तिरंगा यात्रा निकाल सर्व समाज मंच ने सेना को किया सलाम

इससे पहले सर्व समाज मंच के तत्वावधान में राजधानी के तेलीबांधा मरीन ड्राइव से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई जो भारत माता, भारत सरकार और भारतीय सेना के लिए गगनभेदी जयघोष करती और हम सेना के साथ हैं और ऑपरेशन सिंदूर के साथ राष्ट्र के नारे लगाती हुई नगर घड़ी चौक तक आई।

पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को लेकर मंच द्वारा प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। बुधवार को राजधानी में आहूत तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में सर्व समाज, साधु-संतों, सैनिक परिवारों की सहभागिता रही। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जो राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं उनके लिए भारत की 140 करोड़ जनता संबल बन कर खड़ी है, यह संदेश इस यात्रा से दिया गया। तिरंगा यात्रा में हाथों में तिरंगा झंडा लिए शहरवासी हमारे सेना के जवानों के चित्र लेकर चल रहे थे और सेना के जवानों को धन्यवाद दे रहे थे।

तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप ,ओपी चौधरी ,श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ,विधायक मोती साहू,सुनील सोनी,पुरंदर मिश्रा,अनुज शर्मा,गुरु खुशवंत भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव,प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, भूपेंद्र सवन्नी, लक्ष्मी वर्मा,प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव,रामू रोहरा, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन जैन,महापौर मीनल चौबे, पूजा विधानी, संजय पांडे सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, आरडीए अध्यक्ष नंदकुमार साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल,सोशल मीडिया आयोजक सोमेश पांडे ,सह संयोजक मितुल कोठारी, जिला अध्यक्ष , श्याम नारंग, भाजपा नेता छगनलाल मुंदड़ा, अवधेश चंदेल, लोकेश कावड़िया, लाभचंद बाफना, प्रवक्ता संदीप शर्मा, अनुराग सिंहदेव, अमित साहू, बृजेश पांडेय, अमरजीत छाबड़ा, नगर निगम रायपुर सभापति सूर्यकांत तिवारी, संजू नारायण सिंह, मृत्युंजय दुबे, सुभाष तिवारी, बजरंग खंडेलवाल, आशु चंद्रवंशी, अमित मैशेरी, अशोक पांडेय, मनोज वर्मा, श्याम चावला, गोविंद गुप्ता, राहुल रॉय, सावित्री जगत, सतीश थोरानी ,अमर पारवानी, गोपी साहू, अकबर अली, जितेंद्र गोलेछा, सचिन मेघानी, अजय साहू, प्रमोद साहू, ममता साहू, विभा अवस्थी, सीमा साहू, डॉ किरण बघेल, कृतिका जैन, मोना सेन, नजमा अजीम, सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments