घर के गुप्त चैंबरों में छिपा था नशे का जखीरा:तिल्दा नेवरा में महिला ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 41 लाख का माल बरामद
अपराधियों के बदलते पैटर्न पर पुलिस का कड़ा प्रहार; 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत 73 किलो गांजे के साथ महिला गिरफ्तार।

रायपुर। नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस (ग्रामीण) का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। अपराधियों द्वारा तस्करी के बदलते तरीकों को नाकाम करते हुए थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सासाहोली क्षेत्र के एक मकान में दबिश देकर महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से लगभग 41.75 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज (ग्रामीण) अमरेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशानुसार नशे के सौदागरों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक-22, सासाहोली स्थित अटल निवास में एक महिला नशे का कारोबार कर रही है। जब पुलिस टीम ने दबिश दी, तो घर की तलाशी के दौरान अलमारियों और कमरों में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर मिले। इन गुप्त खानों में भारी मात्रा में गांजा और नशीली दवाएं छिपाई गई थीं।
पुलिस ने मौके से मधु मिश्रा (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस को निम्नलिखित सामग्री प्राप्त हुई:
- 73 किलोग्राम गांजा और 790 नग प्रतिबंधित टैबलेट (नाइट्रोसन)।
- 03 नग बटनदार चाकू और 06 नग मोबाइल फोन व 01 टैब।
- 1,87,000 रुपये नकद, जो नशे की बिक्री से अर्जित किए गए थे।
नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने अपराधियों के मनोबल को तोड़ा है। पुलिस का कहना है कि अब तस्कर पारंपरिक तरीकों को छोड़कर नए पैटर्न अपना रहे हैं, जिसका जवाब पुलिस इंटेलिजेंस-ड्रिवन और माइक्रो-लेवल सर्विलांस से दे रही है।
महिला आरोपी के विरुद्ध थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 41/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 22(सी) और 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।



