चाकू की नोंक पर लूट करने वाले शातिर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, नाबालिगों सहित 5 दबोचे गए
दो अलग-अलग वारदातों में मोबाइल, नकदी और सोने की चैन लूटने वाले शातिर लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में।

रायपुर । राजधानी के डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में देर रात राहगीरों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल और पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के कुशल निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में दो बालिग आरोपियों सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को गिरफ्तार किया गया है।
लूट की पहली घटना 30 मार्च को रायपुरा ओवर ब्रिज के पास हुई थी, जहाँ निखिल शर्मा नामक युवक से चाकू की नोंक पर सोने की चैन, नकदी और मोबाइल लूट लिया गया था। वहीं दूसरी वारदात 27 मार्च को ग्लोबल स्टार हॉस्पिटल के पास घटित हुई, जिसमें आरोपियों ने एक राहगीर का आई-फोन और अन्य दस्तावेज छीन लिए थे। दोनों ही मामलों में धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण की मदद ली। मुखबिरों के जाल और संदिग्ध वाहनों की पहचान के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर कुल 5 आरोपियों को हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से लूट के 03 मोबाइल फोन,वारदात में प्रयुक्त एक चाकू, घटना में इस्तेमाल की गई एक्टिवा गाड़ी बरामद की है।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण:
- भूपेश कुमार साहू (19 वर्ष), निवासी अश्वनी नगर, रायपुर।
- हयांश उर्फ अयान पाल (18.5 वर्ष), निवासी आमापारा, रायपुर।
- विधि से संघर्षरत 03 बालक (पहचान गोपनीय)।



