पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय तस्कर संजीव कुमार छाबड़ा उर्फ सुच्चा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ 20 वर्षों से नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामले लंबित थे। पुलिस ने आरोपी की 2 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली है।.यह छत्तीसगढ़ में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
20 सालों से सक्रिय था नशे का कारोबार
मुख्य आरोपी सुच्चा सिंह पिछले 20 सालों से नशे के कारोबार में लिप्त था। उसने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ जबलपुर, नागपुर और हरियाणा जैसे क्षेत्रों में भी अपना नेटवर्क फैला रखा था। नशे के अवैध धंधे से अर्जित धन का उपयोग उसने विभिन्न संपत्तियों की खरीद और निवेश के लिए किया था। संजीव उर्फ सुच्चा सिंह को कुछ समय पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी अवैध संपत्ति और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच शुरू की थी। जांच में पता चला कि आरोपी ने अपनी अवैध कमाई से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है।
फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन से हुआ खुलासा
पुलिस की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन से खुलासा हुआ कि आरोपी ने जबलपुर, नागपुर और हरियाणा में संपत्तियां खरीदी थीं। इसके अलावा, उसने 5 लाख रुपए का निवेश स्टॉक मार्केट में किया था, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के दो बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया, जिनमें करीब 8 लाख रुपए जमा थे।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने कोर्ट की अनुमति लेकर संपत्ति जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया है। जब्त की गई संपत्तियों में जमीन, मकान और अन्य चल-अचल संपत्तियां शामिल हैं। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पुलिस के इतिहास में नशे के कारोबारियों के खिलाफ सबसे बड़ी मानी जा रही है।पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा नशे के व्यापार में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें भी जब्त किया जाएगा।