छोटेलोरम में धान खरीदी उत्सव का भव्य आयोजन, विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा-राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है
विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों को दिलाया समर्थन मूल्य पर खरीदी का भरोसा

बसना । धान उपार्जन केंद्र, छोटेलोरम में आज “धान खरीदी उत्सव 2025” का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, सहकारी समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीदी उत्सव का शुभारंभ किया और किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल धान खरीदी नहीं, बल्कि हमारे अन्नदाताओं के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और सम्मान का उत्सव है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों की उपज का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और किसान हितैषी होगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें और निडर होकर अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्र आएं।
अपने संबोधन के बाद विधायक डॉ. अग्रवाल ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने तौल मशीनों की सटीकता, टोकन वितरण प्रणाली, बारदाने की उपलब्धता और नमी मापक यंत्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कतार में खड़े किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। किसानों ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक को धन्यवाद दिया।
विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने धान खरीदी को ‘उत्सव’ का स्वरूप देकर यह सिद्ध किया है कि वह किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री और कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड खरीदी, समय पर भुगतान और किसान हित में लिए गए निर्णय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देंगे।
कार्यक्रम का समापन किसानों और जनसमूह के उत्साहपूर्ण धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। विधायक डॉ. अग्रवाल ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह उत्सव किसानों के आत्मविश्वास और सम्मान को और सशक्त करेगा।
इस अवसर पर भाजपा महासमुंद जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू,जनपद पंचायत पिथौरा अध्यक्ष श्रीमती उषा धृतलहरे, वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश अग्रवाल, जनपद पंचायत पिथौरा अध्यक्ष प्रतिनिधि व जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे,सांकरा मण्डल अध्यक्ष हलधर साव, सांकरा सरपंच सतपाल सिंह छाबड़ा, जनपद सदस्य सोहन पटेल, छोटे लोरम सरपंच जूही पारेश्वर, सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार पारेश्वर, भाजपा कार्यकर्ता , किसान सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।



