रायपुर । छत्तीसगढ़ में इस बार पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव को एक साथ कराए जाएंगे। इसके लिए तैयारियां अब अंतिम चरण पर है। इसी बीच आज राज्य निर्वाचन आयोग एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा।
18 जनवरी को हो गया था अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
संभावना जताई जा रही है कि आयोग आज दोनों चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 18 जनवरी को हो गया था। कहा जा रहा है कि फरवरी के अंत तक दोनों चुनाव चुनाव खत्म हो जाएंगे।
नगरीय निकाय के चुनाव EVM और पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होंगे
बता दे कि छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय के चुनाव EVM से ही होंगे। जबकि पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। इसे लेकर राज्य सरकार ने राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर दी है। जिसमें मतपत्र का प्रावधान विलोपित कर EVM से चुनाव कराने के संशोधित प्रावधान लागू किए गए हैं। दरअसल, प्रदेश में पिछला नगरीय निकाय चुनाव साल 2019 में बैलेट पेपर से हुआ था, जबकि उससे पहले 2014 में EVM से ही चुनाव कराए गए थे। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में बैलेट पेपर की व्यवस्था लागू की गई थी। ऐसे में EVM वाले प्रावधान वापस जोड़े गए हैं।
इतने निगमों और नगरपालिकाओं में होगा चुनाव
प्रदेश के 14 नगर निगम में से 10 निगम, 54 नगर पालिका में से 47 पालिकाओं और 124 नगर पंचायतों में से 95 पंचायतों में चुनाव होगा। इसके अलावा प्रदेश के 11,669 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इस बार पांच नगर निगमों में महिला महापौर चुनीं जाएंगी। इनमें रायपुर, कोरबा और बीरगांव में सामान्य वर्ग की महिलाएं चुनाव लड़ सकेंगी। जबकि रिसाली में अनुसूचित जाति और दुर्ग में अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला को महापौर के लिए चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।