छत्तीसगढ़ में भी लागू हो सकता है हरियाणा फार्मूला, बनाए जा सकते हैं 3 और मंत्री

रायपुर । नई दिल्ली में भाजपा संगठन चुनाव की बैठक में शामिल होकर रायपुर लौटे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर संकेत दिए हैं। रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने मंत्रिमंडल के विस्तार पर किए गए प्रश्न पर कहा कि सब कुछ होगा, इंतजार करिए।

जब सीएम से पूछा गया कि क्या हरियाणा की तरह छत्तीसगढ़ में भी 13 की बजाय 14 मंत्री बनाए जाएंगे। इस पर सीएम ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह सब होगा, इंतजार करिए। वहीं, पार्टी सूत्रों का कहना है कि नई दिल्ली में भाजपा के मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष के संगठन चुनाव के लिए चर्चा के बीच साय कैबिनेट के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई है।

वर्तमान में प्रदेश में मुख्यमंत्री समेत कुल 11 मंत्री हैं, जबकि 13 मंत्री बनाए जाने की परंपरा रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि हरियाणा की तर्ज पर यहां भी मंत्रिमंडल में 14 मंत्रियों की गुंजाइश हो सकती है। हरियाणा में भी 90 सीटों वाली विधानसभा है और वहां भाजपा की सरकार में 14 मंत्री बनाए गए हैं। 26 से 31 दिसंबर के बीच क्रिसमस के बाद और नए साल के आगमन से पहले मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

मंंगलवार को छत्तीसगढ़ में सत्ता और संगठन के अहम चेहरे दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक में शामिल हुए। हालांकि, यह बैठक संगठन चुनाव पर केंद्रित थी, मगर चर्चा है कि तमाम आला नेताओं की मौजूदगी में मंत्रिमंडल विस्तार पर भी मुहर लगाई है।

इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव समेत अन्य नेता शामिल हुए। साय मंत्रिमंडल में अभी मंत्रियों के दो पद रिक्त हैं।

सरकार ने पहले एक मंत्री पद रिक्त रखा गया था, लेकिन बृजमोहन अग्रवाल के सांसद निर्वाचित होने के बाद उन्होंने विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में दो पद रिक्त हो गए। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा की गई है।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button