शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर गिरी गाज:कार-बाइक समेत 154 वाहनों पर पुलिस का कब्जा,15 लाख से अधिक का जुर्माना तय

चेतावनी: होली तक जारी रहेगा विशेष अभियान, नशे में दिखे तो सीधे कोर्ट में होगी पेशी।





रायपुर । राजधानी रायपुर की सड़कों को सुरक्षित बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने शनिवार रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) श्री विकास कुमार के निर्देश पर शहर के 8 प्रमुख स्थानों पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाकर ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। महज 3 घंटों की इस “ताबड़तोड़” कार्रवाई में पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चला रहे 154 चालकों को पकड़कर उनके वाहन जप्त कर लिए हैं।

8 चौराहों पर रही ‘किलाबंदी’

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री विवेक शुक्ला और श्री दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्तों की विभिन्न टीमों ने रात 10:00 बजे से 01:00 बजे तक तेलीबांधा, भाठागांव, जयस्तंभ चौक, फाफाडीह, खमतराई, टाटीबंध, पचपेड़ी नाका और पंडरी थाना के सामने स्टापर लगाकर सघन जांच की। ब्रीथ एनालाइजर मशीन के जरिए हुई इस जांच में 154 लोग नशे में धुत पाए गए।

जप्त वाहनों में लग्जरी कारें और भारी वाहन शामिल

पुलिस द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई में जप्त किए गए 154 वाहनों में 64 कार, 65 मोटरसाइकिल, 8 ट्रक, 12 टाटा एस पिकअप, 1 बोलेरो, 2 माजदा, 1 ट्रैक्टर और 1 ई-रिक्शा शामिल हैं। इन सभी वाहनों को यातायात मुख्यालय और विभिन्न थानों में खड़ा कराया गया है।

15 लाख से अधिक का लगेगा फटका

मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत पकड़े गए इन सभी मामलों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कानूनन, नशे में वाहन चलाने पर प्रति प्रकरण न्यूनतम 10,000 रुपये का अर्थदंड देय होता है। इस लिहाज से पकड़े गए चालकों से लगभग 15 लाख 40 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की जाएगी।

होली पर सख्ती के संकेत

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार, आगामी होली पर्व को देखते हुए यह अभियान अब लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी स्थान बदल-बदल कर इसी तरह औचक निरीक्षण किया जाएगा।

​पुलिस ने जनता से अपील करते हुए कहा कि सड़क हादसों से सीख लें। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल आपके लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा है। सुरक्षित रहें और कानून का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माने के लिए तैयार रहें।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button