आरव्हीएच कॉलोनी में नशीली दवाइयां बेचते पकड़ा गया 18 वर्षीय तस्कर,Nitrazepam की प्रतिबंधित गोलियां बरामद
नारकोटिक्स एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल।

रायपुर । रायपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खमतराई थाना क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों की तस्करी कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (IPS) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में 14 फरवरी को थाना खमतराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरव्हीएच कॉलोनी (छोटापारा) में एक युवक प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहा है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में खमतराई पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध हुलिये के आधार पर युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मयंक सोनी उर्फ मित (18 वर्ष), निवासी आरव्हीएसच कॉलोनी, छोटापारा के रूप में हुई।
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) की कुल 74 गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने उक्त नशीली दवाइयों को विधिवत जब्त कर लिया है।
आरोपी मयंक सोनी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत नारकोटिक्स एक्ट (NDPS Act) की धारा 22(ख) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की तस्दीक कर रही है कि आरोपी को ये प्रतिबंधित दवाइयां कहाँ से प्राप्त हुई थीं और इसके तार किन अन्य तस्करों से जुड़े हैं।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) के नेतृत्व में थाना खमतराई की टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई।



