कोरबा में पूर्व गृहमंत्री के पुत्र पर हंगामे का आरोप, नशे की हालत में कार घुसाई सेवई दुकान में और विक्रेता से की मारपीट

इतवारी बाजार में दोपहिया वाहन से कार टकराने के बाद बढ़ा विवाद। पीड़ित की पुलिसकर्मी बेटी ने रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की, मामले की जांच में जुटी पुलिस।





रायपुर, 12 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक विवादित घटना सामने आई है, जिसमें राज्य के पूर्व गृहमंत्री और रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ननकी राम कंवर के पुत्र संदीप कंवर पर नशे की हालत में हंगामा करने, दुकान में कार घुसाने और सेवई विक्रेता के साथ मारपीट करने के आरोप लगे हैं। यह घटना शहर के इतवारी बाजार क्षेत्र में हुई, जहां घटना के बाद काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली थाना ले जाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


सेवई की दुकान में घुसी कार, बढ़ा विवाद

मिली जानकारी के अनुसार कोरबा के पुरानी बस्ती निवासी संदीप कंवर बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे अपने घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि इतवारी बाजार के पास उनकी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 12 एवाई 1868 एक सेवई विक्रेता की दुकान के सामने खड़ी दोपहिया वाहन से टकरा गई।

दुकान के सामने अस्थायी रूप से टेबल और टेंट लगाकर सेवई बेच रहे अजीम कुरैशी ने जब कार चला रहे संदीप कंवर को सावधानी से वाहन चलाने की बात कही तो इस पर विवाद शुरू हो गया।


विवाद के बाद मारपीट और तोड़फोड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बात सुनकर संदीप कंवर भड़क गए और कार से उतरकर अजीम कुरैशी के साथ हाथापाई करने लगे। आरोप है कि इसके बाद वे गुस्से में फिर कार में बैठे और दुकान के सामने लगे टेबल और टेंट को लगातार तीन बार टक्कर मार दी, जिससे दुकान का सामान क्षतिग्रस्त हो गया।

इस दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।


कार पर पूर्व विधायक का नेमप्लेट भी लगा था

बताया जा रहा है कि जिस कार से यह घटना हुई, उस पर पूर्व विधायक रामपुर का नेमप्लेट भी लगा हुआ था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाना ले जाया गया।


थाने में भी हंगामे का आरोप

सूत्रों के अनुसार संदीप कंवर कथित रूप से नशे की हालत में थे और थाने में भी उन्होंने हंगामा किया। आरोप है कि उन्होंने अपने पिता के राजनीतिक प्रभाव का हवाला देते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।

कुछ समय बाद दो लोग थाने पहुंचे और उन्हें समझाकर वापस ले गए।


पीड़ित की बेटी है पुलिस आरक्षक

घटना के पीड़ित अजीम कुरैशी की बेटी सिविल लाइन थाना में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह भी मौके पर पहुंची और अपने पिता के साथ हुई मारपीट पर आपत्ति जताते हुए संदीप कंवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।

हालांकि पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय केवल शिकायत पत्र लेकर उन्हें वापस भेज दिया गया। बताया गया कि दोपहर बाद शिफ्ट में आने वाले डेस्क प्रभारी द्वारा रिपोर्ट दर्ज किए जाने की बात कहकर मामला टाल दिया गया।


पहले भी सामने आ चुके हैं विवाद

स्थानीय सूत्रों के अनुसार संदीप कंवर के खिलाफ इस तरह के विवाद का यह पहला मामला नहीं है। लगभग आठ महीने पहले ट्रांसपोर्ट नगर नए बस स्टैंड क्षेत्र में भी नशे की हालत में हंगामा करने का मामला सामने आया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।

इसके अलावा भाजपा नेता देवेंद्र पांडेय के घर जाकर अभद्रता करने का मामला भी सामने आया था, जिसमें उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।


पुलिस कर रही मामले की जांच

मामले को लेकर कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि इतवारी बाजार में वाहन टकराने और मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


To Join Group On Whatsapp Click The Below Link

https://chat.whatsapp.com/CUhjbVTLDLp7l1bZgzfCjT

To Subscribe To Our YouTube Channel Click The Below Link – Click Subscribe – Click The ‘🔔’ Icon

https://youtube.com/c/The4thPillar

Follow Us On X
The 4th Pillar (@pillar_4th) :

https://x.com/pillar_4th?t=Rq7XXAq0q6Gzqduw0_AIUQ&s=08

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button