ओडिशा से गांजा लाकर खपाने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, 3.20 लाख का मशरूका जब्त
खमतराई पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचे दो नशा तस्कर, जुपिटर की डिक्की से साढ़े चार किलो गांजा जब्त।

रायपुर। राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। खमतराई थाना पुलिस ने भनपुरी क्षेत्र में घेराबंदी कर दो आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ गांजा का परिवहन करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4.496 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त टीव्हीएस जुपिटर मोपेड जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 3,20,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 मार्च को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सफेद-नीले रंग की मोपेड (CG 04 PV 1604) पर विजय नगर से अरोरा धर्मकांटा की ओर भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रहे हैं। डीसीपी (नॉर्थ) श्री मयंक गुर्जर (IPS) के मार्गदर्शन और एडीसीपी श्री आकाश मरकाम व एसीपी सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में खमतराई पुलिस की विशेष टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
संदेह के आधार पर रोके गए आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम शिव कुमार ढीमर (तेलीबांधा) और शुभम घोष (राजा तालाब) बताया। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो आरोपियों ने बड़ी चालाकी से गांजे को दो हिस्सों में छिपा रखा था। एक हिस्सा ऑरेंज-सफेद थैले में था, जबकि दूसरा हिस्सा मोपेड की डिक्की के भीतर प्लास्टिक की झिल्ली में छिपाकर रखा गया था।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह मादक पदार्थ ओडिशा से तस्करी कर लाए थे और इसे रायपुर के विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 175/2026 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जब्त सामग्री का विवरण:
- गांजा: 04 किलो 496 ग्राम (कीमत 2.50 लाख)
- वाहन: टीव्हीएस जुपिटर (कीमत 70 हजार)
- कुल मशरूका: 3,20,000



