ओडिशा उपचुनाव: धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने नुआपाड़ा में झोंकी पूरी ताकत, लगातार 5 चुनावी सभाओं को किया संबोधित
उपचुनाव प्रभारी अनुज शर्मा ने किया 'फिर एक बार भाजपा सरकार' का आह्वान, बोले- नुआपाड़ा की जनता भाजपा की नीतियों पर मुहर लगाने को प्रतिबद्ध

नुआपाड़ा, ओडिशा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव को लेकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में, धरसींवा (छत्तीसगढ़) के विधायक अनुज शर्मा, जिन्हें भाजपा ने नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है, ने पार्टी प्रत्याशी जय ढोलकिया के समर्थन में धुआंधार प्रचार किया। उन्होंने एक ही दिन में लगातार 5 चुनावी सभाओं (केंदुबहारा, पवरतला, बेलटूकरी, बिसोरा और भेसांताल) को संबोधित किया और जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
घर-घर जनसंपर्क और बूथ रणनीति पर गहन चर्चा
प्रभारी की बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे विधायक अनुज शर्मा ने चुनावी सभाओं के साथ ही नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों, बूथ प्रभारियों और कार्यकर्ताओं के साथ गहन बैठकें कीं। उन्होंने जमीनी स्तर पर जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
अनुज शर्मा ने प्रत्याशी जय ढोलकिया के लिए घर-घर जाकर जनसंपर्क भी किया और जनता से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने संगठन की बैठक में मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासशील नेतृत्व और भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने हेतु निरंतर जनसंपर्क जारी रखने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यकर्ताओं में अपार ऊर्जा, जनता का मिल रहा अपार समर्थन
विधायक अनुज शर्मा ने नुआपाड़ा के चुनावी माहौल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर जनता में काफी उत्साह है, और कार्यकर्ताओं में भी अपूर्व ऊर्जा और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फिर एक बार भाजपा सरकार का नारा और संकल्प के साथ जनसंपर्क के दौरान हमें जनता का अपार समर्थन प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नुआपाड़ा की जनता ने मोदी सरकार की घोषणाओं और योजनाओं को जमीनी हकीकत में पूरा होते देखा है, और वे इन परिवर्तनकारी नीतियों से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने दावा किया कि नुआपाड़ा की जनता विकास के साथ है, और इस उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत जरूर दर्ज करेगी।
ओडिशा के विकास के लिए भाजपा संकल्पित
अनुज शर्मा ने अपने संबोधन में भाजपा के एजेंडे को स्पष्ट करते हुए कहा कि जनता से संवाद के दौरान भाजपा के प्रति माहौल स्पष्ट दिख रहा है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के विकास को नई दिशा व गति देने, किसानों के सम्मान, युवाओं के रोजगार और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जनता फिर एक बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है।
इस महत्वपूर्ण चुनावी अभियान के दौरान ओडिशा सरकार के मंत्री नित्यानंद गोंड सहित कई क्षेत्रीय नेता और कार्यकर्तगण भी विधायक अनुज शर्मा के साथ उपस्थित रहे।



