विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ग्राम रसोड़ा में धान खरीदी केंद्र का फीता काटकर किया मंगल आरंभ,बोले-किसानों को मिलेगी अधिकतम सुविधा
मुख्यमंत्री साय का आभार व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने रसोड़ा में खोला नया धान खरीदी केंद्र,बोले-पारदर्शिता होगी सुनिश्चित

बसना/रसोड़ा । छत्तीसगढ़ की नई सरकार के किसान हितैषी संकल्प को जमीनी स्तर पर उतारते हुए, बसना विधानसभा क्षेत्र के कर्मठ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आज ग्राम रसोड़ा में नवनिर्मित धान खरीदी केंद्र का फीता काटकर भव्य एवं ऐतिहासिक शुभारंभ किया। यह पहल बसना क्षेत्र के अन्नदाताओं के कल्याण और उनकी समृद्धि की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
केंद्र के उद्घाटन के दौरान, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने स्वयं पूरे विधि-विधान के साथ तौल मशीन सहित पूजा-अर्चना की और शुभ मुहूर्त में धान की तौल कराकर खरीदी प्रक्रिया का मंगल आरंभ किया। इस दौरान किसानों और क्षेत्रवासियों में अभूतपूर्व उत्साह और प्रबल विश्वास का वातावरण देखा गया। विधायक डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यह शुभारंभ केवल एक शासकीय औपचारिकता नहीं है, बल्कि अन्नदाताओं के प्रति राज्य सरकार की दृढ़ और अटल प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इस महत्त्वपूर्ण अवसर पर, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में हमारी सरकार ने किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। रसोड़ा में यह धान खरीदी केंद्र उन्हीं की किसान-केंद्रित नीतियों का परिणाम है। मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूँ कि उन्होंने बसना विधानसभा क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए इस केंद्र को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की।
विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में दोहराया कि राज्य सरकार किसानों को अधिकतम सुविधा प्रदान करने और सम्पूर्ण खरीदी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कटिबद्ध है। विधायक डॉ अग्रवाल ने आगे कहा कि हमारी सरकार का अंतिम लक्ष्य है कि हमारे किसान भाई का धान का एक-एक दाना सम्मानपूर्वक खरीदा जाए। उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी उपज का समुचित मूल्य उन्हें बिना किसी विलंब के समय पर मिले। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रहें।
इस अवसर पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, धान उपार्जन केन्द्र के कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे ।



